दुद्धी सोनभद्र। (विवेक सिंह) विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली-पोलवा गांव में शनिवार शाम करीब 4 बजे बाइक से कोरगी से घर लौट रहे लालबाबू (22) पुत्र अपतर अली पर तीन अज्ञात लोगों ने घात लगाकर पथराव और मारपीट कर दी। हमलावर मौके से फरार हो गए, जबकि घायल युवक खून से लथपथ हो गया।
परिजनों के अनुसार लालबाबू कोरगी गांव से घर की ओर आ रहा था कि घर से पहले लगभग 5 किमी पहले एक दुकान पर कुछ सामान लेने रुका था ,कि वहां से निकलते समय तीन लोगों ने उनपर हमला बोल दिया। मारपीट किस बात को लेकर की गई, इसकी जानकारी नहीं है। उसी गांव के एक दोस्त ने घटना की सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए निजी साधन से सीएचसी दुद्धी ले आए।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने सिर पर गंभीर चोट देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि लालबाबू को बिना पुलिस सूचना के अस्पताल पहुंचाना पड़ा। उन्होंने कहा कि घटना की पुलिस को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई तहरीर दर्ज नहीं कराई गई थी।