फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार देर रात वांछित स्मैक तस्कर गौतम को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 312 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी भी फरार है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर देर रात टीम ने नेशनल हाईवे के पास यात्री शेड के समीप घेराबंदी की। इसी दौरान गांव भोलापुर निवासी गौतम को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पूछताछ में गौतम ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह अधिकतर समय उत्तराखंड में रहकर अज्ञात ट्रक चालकों से स्मैक खरीदता था और फिर उसे अपने साथी अजय को सप्लाई करता था। अजय को चार दिन पहले ही पुलिस जेल भेज चुकी है। इसके अलावा वह खुद भी उत्तराखंड में स्मैक बेचकर अपना खर्च चलाता था।
पुलिस के मुताबिक इस अवैध धंधे में शामिल प्रशांत उर्फ प्यारे गुर्जर अभी फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फरार अभियुक्त को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नशे के खिलाफ सख्ती:
लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस अब नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के मूड में है। इलाके में इस गिरफ्तारी के बाद तस्करों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली