कैमोर – औद्योगिक नगरी कैमोर में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। कैमोर स्थित Everest Industries के परिसर के पास एक गाय अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी, जिसे समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कंपनी के अधिकारियों द्वारा सिक्योरिटी गार्ड को निर्देश दिया गया था कि गाय को वहां से हटाकर साइड कर दिया जाए। इसी बीच वहां से गुजर रहे प्रतीक केवट एवं मोहित सेन की नजर अचेत अवस्था में पड़ी गाय पर पड़ी। दोनों ने तुरंत इसकी सूचना कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड को दी, लेकिन उनकी ओर से कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की गई।
इसके बाद प्रतीक केवट ने विजयराघवगढ़ के पशु चिकित्सक डॉ. लखेरा को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद डॉक्टर मौके पर पहुंचे। इस दौरान प्रतीक केवट और मोहित सोनी ने गाय को पानी पिलाकर उठाने का प्रयास भी किया, लेकिन गाय की हालत लगातार बिगड़ती रही।
डॉक्टर के पहुंचने के बाद गाय का इलाज शुरू किया गया, लेकिन इलाज में हुई देरी के कारण गाय की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गाय कंपनी की पार्किंग के पास थी, जिसे वहां से हटाकर सड़क किनारे छोड़ दिया गया। आरोप यह भी लगाया जा रहा है कि कंपनी के अधिकारी उस समय अपने फाउंडेशन डे के कार्यक्रम में व्यस्त थे और गाय के इलाज के लिए किसी प्रकार की तत्परता नहीं दिखाई गई।
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में कंपनी के प्रति आक्रोश देखा जा रहा है और लोगों ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट ।