राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में नकली बीड़ी के अवैध कारोबार पर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में स्टॉक जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान इंडोनेशिया की प्रतिबंधित ब्लैक सिगरेट के पैकेट भी बरामद किए गए हैं, जिनकी बिक्री भारत में अवैध है।
कोतवाली पुलिस ने अंजली ट्रेडिंग कंपनी के लीगल एडवाइजर कुनाक कुमार घोष की मौजूदगी में शहर के कई थोक व्यापारियों के यहां छापेमारी की। जांच में खुलासा हुआ कि कंपनी के “कैलकुलेटर” ब्रांड नाम और मोनोग्राम का दुरुपयोग कर नकली बीड़ी का निर्माण और विक्रय किया जा रहा था।
मामले में सामने आया कि नकली बीड़ी बनाने का काम चांडक चौक निवासी प्रमोद बडगैयां द्वारा किया जा रहा था, जबकि बीड़ी और सिगरेट का स्टॉक सतीश अग्रवाल की दुकान से जब्त किया गया।
गौरतलब है कि इस संबंध में पूर्व में न्यायालय द्वारा सख्त निर्देश भी जारी किए जा चुके थे, बावजूद इसके अवैध कारोबार जारी था। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
कोतवाली टीआई राखी पांडे ने बताया कि मामले में कॉपीराइट उल्लंघन सामने आया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, जब्त की गई प्रतिबंधित ब्लैक सिगरेट के संबंध में भी पूछताछ जारी है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।।