सहारनपुर । जनपद में राज्य कर विभाग के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी द्वारा कथित रूप से व्यापारियों के उत्पीड़न और अवैध धन उगाही के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में आज पार्षदों का एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक “टिंकू” अरोड़ा के नेतृत्व में राज्य कर विभाग के अधिकारियों से मिला और लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि संबंधित कर्मचारी को केवल वाहन चलाने की अनुमति है, जबकि उसे चेकिंग करने का कोई अधिकार नहीं है। इसके बावजूद वह सहारनपुर नगर के व्यापारियों को डर व भय दिखाकर अवैध वसूली कर रहा है। इस मौके पर टिंकू अरोड़ा ने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि नियमों के तहत ही अधिकारी या कर्मचारी जांच कर सकते हैं, लेकिन जांच के नाम पर भय दिखाकर धन उगाही करना सरासर गलत है और यह व्यापारी वर्ग का उत्पीड़न है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके। प्रतिनिधिमंडल में पार्षद फहाद सलीम, नदीम अंसारी, नितिन जाटव, राजीव अन्नू, फजलुरहमान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़