राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नई बस्ती स्थित शंभू टॉकीज रोड पर मंगलवार शाम सरेराह चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात हमलावरों ने एक नाबालिग युवक पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिसमें चाकू का एक हिस्सा उसकी जांघ में ही टूटकर फंस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजाद चौक निवासी नाबालिग युवक नई बस्ती क्षेत्र में पूल खेलने गया था। शाम करीब 4 बजे वह वापस लौट रहा था, तभी शंभू टॉकीज रोड पर कुछ अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। शुरुआती कहासुनी देखते ही देखते विवाद में बदल गई और आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
हमला इतना गंभीर था कि चाकू युवक की जांघ में घुस गया और उसका ब्लेड टूटकर अंदर ही फंस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर उसकी जांघ में फंसे चाकू के टुकड़े को निकालने में जुटे हुए हैं।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।