दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह)
सिविल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में जबरदस्त उत्साह के बीच नामांकन प्रक्रिया का दूसरा व अंतिम दिन बुधवार को काफी गहमा-गहमी के बीच संपन्न हो गया। पहले दिन 12 नामांकन फॉर्म बिके थे, जिसमें तीन दाखिल हुए थे, वहीं आज विभिन्न पदों के लिए कुल 15 नामांकन पत्र दाखिल कर दिए गए।
अध्यक्ष पद के लिए रामलोचन तिवारी और शिवशंकर प्रसाद दावेदार होंगे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सत्यनारायण यादव का नामांकन पक्का हुआ। उपाध्यक्ष पद हेतु राजू मिश्रा और रामलखन सिंह, सचिव पद पर अंजनी सिंह व ज्ञानी प्रसाद के नाम दर्ज हैं। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए अभिनव जायसवाल व आदर्श कुमार ने आज नामांकन जमा किया। कोषाध्यक्ष पद पर नीरज कुमार, सह-सचिव (पुस्तकालय) पद हेतु राहुल अग्रहरि, पुस्तकालय प्रकाशन पद पर अभिनाथ यादव के नामांकन दाखिल हुए। कनिष्ठ कार्यकारिणी पद के लिए परमानंद सिंह, देवकुमार शर्मा व राकेश कुमार ने नामांकन किया।
एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्यों के अनुसार, यह चुनाव संगठन की भविष्य की दिशा तय करेगा, इसलिए दावेदारों में जोश चरम पर है। एल्डर कमेटी अध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में चुनाव अधिकारी सुखसागर, मनोज मिश्रा, विनोद कुमार वर्मा व मोहर सिंह ने प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की। पदाधिकारियों ने बताया कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष व पारदर्शी होगा।
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चली, जबकि आज अंतिम दिन भी इसी समयावधि में संपन्न हुई। 9 अप्रैल को नामांकन फॉर्मों की जांच होगी, उसके बाद नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी और अंतिम सूची जारी की जाएगी।