रीवा ब्यरो चीफ रिप्पू पाण्डेय
मऊगंज। जिले के मऊगंज थाने में नवागत थाना प्रभारी रीना सिंह ने पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि क्षेत्र में कानून का राज स्थापित किया जाएगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
थाना प्रभारी रीना सिंह ने स्पष्ट किया कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन कानून सर्वोपरि रहेगा। विशेष रूप से मेडिकल नशे और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पदभार ग्रहण के दौरान थाने के समस्त स्टाफ ने उनका स्वागत करते हुए बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने स्टाफ के साथ बैठक कर अनुशासन, पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
रीना सिंह ने यह भी कहा कि आम जनमानस की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनके त्वरित समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी डर के अपनी शिकायतें थाने में दर्ज कराएं।
मऊगंज थाना क्षेत्र में नई जिम्मेदारी के साथ रीना सिंह के सख्त तेवरों से यह स्पष्ट है कि अब कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।