दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
मल्देवा-दुद्धी संपर्क मार्ग पर चल रहे सीसी सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। कस्बे से सटे इस 500 मीटर लंबे मार्ग पर पहले बनी डामर सड़क हटाकर मात्र 3 मीटर चौड़ाई में मानकहीन सीसी सड़क बनाई जा रही है। इससे सड़क का स्तर असमान हो गया है और दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारों पर पटरी (साइड शोल्डर) न बनने से वाहनों का आवागमन कठिन हो गया है। बिना तकनीकी मानकों के यह निर्माण जलभराव, सड़क क्षति और जान-माल की हानि का कारण बन सकता है। आक्रोशित ग्रामीणों ने एसडीएम दुद्धी को शिकायत दर्ज कराई और कार्य स्थल पर पहुंचकर निर्माण रुकवा दिया।
शिकायत पर उपजिलाधिकारी निखिल यादव बृहस्पतिवार को मौके पर पहुंचे। जेई सुजीत कुमार की मौजूदगी में उन्होंने सड़क की संकरी चौड़ाई, असमान स्तर, पटरी की कमी और निर्माण गुणवत्ता की कमियों का जायजा लिया। ग्रामीणों ने चौड़ाई बढ़ाने, पटरी निर्माण तथा गुणवत्ता जांच की मांग दोहराई।
एसडीएम ने कार्यदायी संस्था और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण में लापरवाही या मानकों से समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने सड़क के दोनों किनारों पर गिट्टी-भस्सी डालकर पटरी मजबूत करने के आदेश दिए। दोषी ठेकेदार-अधिकारियों पर कार्रवाई और शीघ्र जांच का आश्वासन दिया। भविष्य में गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन जायसवाल, डॉ. लवकुश प्रजापति और दुद्धी बार संघ अध्यक्ष कुलभूषण पांडे मौजूद रहे। ग्रामीणों ने समाधान न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है ।