राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। पुलिस अधीक्षक कटनी द्वारा शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित ‘अर्दली रूम’ में विभागीय अनुशासन को लेकर सख्त रुख अपनाया गया। कर्तव्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता एवं वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के मामलों की समीक्षा करते हुए कुल 10 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की गई।
विभागीय जांच में दोषी पाए गए प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक वर्ग के कर्मचारियों की एक वेतन वृद्धि असंचयी प्रभाव से रोक दी गई। वहीं, बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले एक थाना अधिकारी पर भी यही कार्रवाई की गई।
न्यायालयीन प्रकरणों में विवेचना में लापरवाही बरतने वाले दो उप-निरीक्षकों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही विभागीय जांच लंबित रखने पर एक सूबेदार (लाइन अधिकारी) पर भी 5 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
एक गंभीर मामले में नाबालिग बालिका से जुड़े प्रकरण में लापरवाही, थाना प्रभारी के निर्देशों की अवहेलना एवं वरिष्ठ अधिकारी से अमर्यादित व्यवहार करने वाले एक उप-निरीक्षक पर कड़ी कार्रवाई करते हुए एक माह के वेतन का 50 प्रतिशत काटने का दंड दिया गया।
इसके अलावा शासकीय गोपनीयता भंग करने के मामले में एक उप-निरीक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच प्रस्तावित की गई है। जांच लंबित रखने वाले चौकी प्रभारी एवं विशेष ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले प्रधान आरक्षकों की सर्विस बुक में निंदा प्रविष्टि दर्ज की गई।
अर्दली रूम के समापन पर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आम जनता से जुड़े मामलों का समयसीमा में निराकरण करें और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें। चेतावनी देते हुए कहा गया कि कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने पर भविष्य में और कठोर कार्रवाई, जैसे निलंबन या सेवा समाप्ति, की जाएगी।