राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर जिले में इस वर्ष भव्य एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 14 अप्रैल तक जिला मुख्यालय से लेकर विकासखंड स्तर तथा शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन आयोजनों के सफल संचालन हेतु कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर को नोडल अधिकारी तथा अनुसूचित जाति एवं जनजातीय कार्य विभाग के जिला संयोजक विमल चौरसिया को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वहीं विकासखंड स्तर पर संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नोडल की जिम्मेदारी निभाएंगे।
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा में कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करें। साप्ताहिक आयोजनों के तहत जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों में हितग्राही सम्मेलन आयोजित होंगे, जिनमें शासन की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को आमंत्रित कर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए डॉ. अम्बेडकर के जीवन, उनके विचारों, लोकतंत्र में योगदान एवं संविधान निर्माण में उनकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि 14 अप्रैल को जिले में स्थापित डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमाओं एवं परिसरों की साफ-सफाई कर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाए। साथ ही सभी आयोजनों में छाया, पेयजल, स्वच्छता सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।