डबरा (ग्वालियर): नेशनल हाईवे-44 पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज एक बार फिर लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रक ने एक साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बाथम कॉलोनी निवासी तुलसीराम बाथम अपनी साइकिल से घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वह NH44 स्थित सिमरिया टेकरी के पास रासजेबी स्कूल भवन के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तुलसीराम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही 108 संजीवनी एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। एंबुलेंस पायलट प्रेम सिंह और ईएनटी (EMT) पिंटू ने बिना समय गंवाए घायल को प्राथमिक उपचार देते हुए शासकीय सिविल अस्पताल डबरा पहुंचाया।
फिलहाल, घायल तुलसीराम का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है। ड्यूटी डॉक्टर द्वारा उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद ट्रक चालक की तलाश और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रोहित पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ डबरा