रायसेन। प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत रायसेन स्थित दशहरा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम का सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा द्वारा कन्यापूजन एवं दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया। इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 200 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे।
इस अवसर पर विधायक डॉ चौधरी ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि पहले जब घर में बेटी का जन्म होता था जो कि माता-पिता को उसके विवाह की चिंता होती थी, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रहीं योजनाओं ने उन्हें चिंता से मुक्त कर दिया है। प्रदेश सरकार बेटी के जन्म से लेकर उसकी उच्च शिक्षा और विवाह तक के लिए मदद कर कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान है। अब माता-पिता बेटियों के जन्म पर उदास नहीं होते बल्कि खुशियां मनाते हैं। विधायक डॉ चौधरी ने वर-वधु को वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, पूर्व कैबीनेट मंत्री मंत्री रामपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन तथा राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया। विधायक डॉ चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मीणा तथा अन्य अतिथियों द्वारा वर-वधु को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सभी जोड़ों को 49-49 हजार रू का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाता है। इस अवसर पर एसडीएम श्री मनीष शर्मा, सामाजिक न्याय विभाग के उप संचालक श्री मनोज बॉथम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अरमान खान जिला ब्यूरो रायसेन