राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह ने सोमवार को बहोरीबंद एसडीएम राकेश चौरसिया के माध्यम से जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए गेहूं उपार्जन व्यवस्था पर गंभीर आपत्ति जताई।
ज्ञापन में बताया गया कि बहोरीबंद विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पटोरी स्थित सायलो केंद्र को गेहूं खरीदी के लिए निर्धारित किया गया है। कांग्रेस का कहना है कि इस व्यवस्था से क्षेत्र के लघु एवं सीमांत किसान प्रभावित होंगे, क्योंकि अधिकांश किसान इतनी दूर स्थित केंद्र तक अपनी उपज नहीं पहुंचा पाएंगे।
कांग्रेस नेताओं ने आशंका जताई कि ऐसी स्थिति में किसान बिचौलियों और व्यापारियों के हाथों अपनी उपज औने-पौने दामों में बेचने को मजबूर होंगे, जिससे क्षेत्र में असंतोष और विस्फोटक हालात बन सकते हैं।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए पूर्व की तरह स्थानीय स्तर पर गोदाम एवं समिति स्तरीय खरीदी केंद्रों को यथावत रखा जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी किसानों के हित में धरना और उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सैनी, जिला महामंत्री अजय गर्ग, डॉ. के.एल. जैन, सादिक खान, देव सिंह पटेल, गणेश नारायण गुप्ता, के.एल. राय, संतोष पटेल, नीरज पटेल, संजय जैन, सचिन राजपूत, विजय तिवारी, कमला विश्वकर्मा, दयाशंकर गुप्ता, पूर्णेंदु, रमेश पटेल, मोंटी पांडे, अजय खम्परिया, शुभम पटेल, राजेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।