फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। क्षेत्र के गांव धनेटा में राशनकार्ड बनवाने के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। धनेटा के प्रधान पति जगतपाल मौर्य ने सप्लाई विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उप मुख्यमंत्री को ऑनलाइन लिखित शिकायत भेजी है।
शिकायत में उन्होंने बताया कि मीरगंज स्थित सप्लाई विभाग कार्यालय में दलालों के माध्यम से कर्मचारियों द्वारा नया राशनकार्ड बनाने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से दो से ढाई हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं। आरोप है कि गांव में करीब 100 से 120 लोगों के राशनकार्ड बनवाने के दौरान इस तरह की अवैध वसूली की गई है।
जगतपाल मौर्य का यह भी कहना है कि अवैध धन उगाही के चलते पात्र लोगों के राशनकार्ड या उनके यूनिट तक काटे जा रहे हैं, जिससे गरीब परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं होती, बल्कि कर्मचारी शिकायतकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करते हैं।
उन्होंने उप मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि पात्र लोगों को उनका हक मिल सके और भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जा सके।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली