राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में अवैध उत्खनन के खिलाफ प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम खिरवा में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खनिज विभाग और संयुक्त टास्क फोर्स ने बंद पड़ी चूना खदान में हो रहे अवैध खनन पर छापामार कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन जब्त की है।
उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित के अनुसार, ग्राम खिरवा स्थित एक लैप्स हो चुकी पुरानी खदान में बिना अनुमति पत्थर और मलबे का उत्खनन किया जा रहा था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पोकलेन मशीन स्वीकृत खदान क्षेत्र से बाहर जाकर अवैध खनन में संलिप्त थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर मशीन को रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान भूमि स्वामी और वाहन मालिक के बयान दर्ज किए गए हैं तथा संबंधितों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं खनिज निरीक्षक कमलकांत परस्ते के नेतृत्व में खनिज अमले ने राजस्व और पुलिस विभाग के सहयोग से मशीन को जब्त कर कैमोर थाने की अभिरक्षा में रखा है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग को भी इस कार्रवाई में सराहा गया है।