बांसी, सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित होते ही बांसी-धानी रोड पर स्थित सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान एल.डी. पब्लिक इंटरमीडिएट कॉलेज, पेंडारी बुजुर्ग में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर 76% से लेकर 91% तक अंक प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर विद्यालय के प्रबंधक और युवा समाजसेवी डॉ. वेद प्रकाश पाण्डेय ने सभी मेधावी छात्रों का माल्यार्पण कर और लड्डू खिलाकर मुंह मीठा कराया। उन्होंने बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर डॉ. वेद प्रकाश पाण्डेय ने कहा आज के दौर में ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए, विशेषकर किसानों के बच्चों के लिए अंग्रेजी माध्यम की उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त करना एक बड़ी चुनौती है। हमारा उद्देश्य इस भीषण महंगाई में भी कम संसाधनों के बावजूद सुदूर क्षेत्रों के बच्चों को बेहतरीन शिक्षा मुहैया कराना है।उल्लेखनीय है कि विद्यालय पिछले तीन वर्षों से लगातार उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम दे रहा है। पिछले वर्ष संस्थान के दो विद्यार्थियों का चयन नवोदय विद्यालय में हुआ था। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि अनुशासन और व्यक्तिगत ध्यान ही उनकी सफलता का मूल मंत्र है। भविष्य में शिक्षा के स्तर को और भी बेहतर बनाने के लिए विद्यालय निरंतर प्रयासरत है।
इंडियन टीवी न्यूज़ मंडल बस्ती
श्रीकांत पांडे