राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा आयोजित राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 जिले में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है। रविवार को आयोजित इस परीक्षा के लिए जिले में चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई, जबकि द्वितीय पाली दोपहर 2:15 बजे से शाम 4:15 बजे तक होगी। जिले में कुल 1401 परीक्षार्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी, जिनमें से प्रथम पाली में 1058 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग द्वारा नियुक्त संभागीय पर्यवेक्षक एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अशोक कुमार भार्गव ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं नोडल अधिकारी एवं एसडीएम कटनी प्रमोद कुमार चतुर्वेदी द्वारा भी परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया गया।
केंद्रवार व्यवस्थाओं की बात करें तो शासकीय गर्ल्स कॉलेज में 300, शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल में 450, शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में 360 तथा शासकीय तिलक कॉलेज में 291 परीक्षार्थियों के लिए केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
सभी केंद्रों पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्त इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है।