राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आयोजित “राहगीरी डे” ने इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में जनभागीदारी को नया आयाम देते हुए स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता का सशक्त संदेश दिया। महारानी लक्ष्मीबाई वार्ड स्थित फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड के सामने आयोजित यह कार्यक्रम उत्साह, ऊर्जा और जनसमूह की सक्रिय भागीदारी से जन-उत्सव में बदल गया।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरन प्रीत कौर सहित जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर, विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक शहर निर्माण का संकल्प दोहराया।
सुबह की शुरुआत सामूहिक योग सत्र से हुई, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद साइकिलिंग, जुंबा, रस्सा खींच, स्केटिंग, म्यूजिकल चेयर, रंगोली, पेंटिंग, शतरंज, कैरम, रस्सीकूद, बोरा दौड़ जैसे खेलों ने आयोजन को जीवंत बना दिया। पारंपरिक खेलों ने जहां बचपन की यादें ताजा कीं, वहीं आधुनिक गतिविधियों ने युवाओं में ऊर्जा का संचार किया।
रस्सा खींच में दिखा उत्साह, महिलाओं ने मारी बाजी
रस्सा खींच प्रतियोगिता में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने भाग लिया, जिसमें महिला वर्ग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। वहीं साइकिलिंग और फिटनेस गतिविधियों ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
जुंबा और फिटनेस ने बांधा समां
तेज संगीत पर आयोजित जुंबा सत्र में युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। “फिटनेस के साथ स्वच्छता” का संदेश देते इस आयोजन ने लोगों को खासा आकर्षित किया।
स्वच्छता जागरूकता पर विशेष जोर
कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध और जल संरक्षण जैसे विषयों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इको ब्रिक्स और अनुपयोगी कपड़ों से बने थैलों के स्टॉल ने “रीसायकल से सृजन” का संदेश दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
गीतांजलि कला केंद्र के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं कार्टून कैरेक्टर, मैजिक शो और म्यूजिक शो बच्चों के आकर्षण का केंद्र रहे।
विजेताओं को मिला सम्मान
विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं स्वच्छता मित्रों को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक रहा।
नगर निगम प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन में सहायक हैं, बल्कि शहर में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रविवार की यह सुबह शहरवासियों के लिए स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामूहिक सहभागिता का यादगार संदेश छोड़ गई।