फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। हाइवे किनारे बन रहे पेट्रोल पंप पर चोरी का विरोध करना एक चौकीदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि ठेकेदार और उसके साथियों ने चौकीदार को बेरहमी से पीटकर अधमरा कर दिया और जान से मारने की नीयत से उसे रेलवे ट्रैक पर लिटाकर फरार हो गए। गनीमत रही कि ट्रेन आने से महज दो मिनट पहले परिजन मौके पर पहुंच गए और उसकी जान बच गई।
मामला नेशनल हाइवे स्थित शंखा पुल से पहले रूकुमपुर के रकवा का है, जहां एक पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य चल रहा है। गांव रूकुमपुर निवासी शहरुद्दीन पिछले कई वर्षों से वहां चौकीदारी कर रहे हैं। पीड़ित के भांजे अजीम के अनुसार, पंप निर्माण में लगे ठेकेदार को तेल चोरी से रोकने पर वह रंजिश मानने लगा था।
आरोप है कि शनिवार आधी रात ठेकेदार अपने चार-पांच साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और शहरुद्दीन को घेरकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। लाठी-डंडों से की गई पिटाई में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेसुध हो गए। इसके बाद आरोपियों ने हैवानियत की हद पार करते हुए उन्हें पास की रेलवे पटरी पर लिटा दिया, ताकि ट्रेन से कटकर उनकी मौत हो जाए।
परिजनों को किसी तरह घटना की सूचना मिली तो वे भागते हुए मौके पर पहुंचे और ट्रेन आने से चंद मिनट पहले ही शहरुद्दीन को पटरी से हटाया। सूचना पर यूपी 112 पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी कार में सवार होकर फरार हो चुके थे।
परिजनों ने घायल चौकीदार को तत्काल क्षेत्र के एक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद अब उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। अभी पूरी तरह होश में न आने के कारण पुलिस को तहरीर नहीं दी जा सकी है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट का प्रतीत हो रहा है। तहरीर मिलने पर गहन जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली