फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। हाइवे स्थित पावन चित्रगुप्त धाम में रविवार को भगवान श्री चित्रगुप्त जी का प्रकटोत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए और पूरे वातावरण में भक्ति की मधुर ध्वनि गूंजती रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे विधि-विधान के साथ अभिषेक एवं पूजन से हुआ। इसके उपरांत दोपहर 12 बजे भव्य आरती एवं भोग अर्पित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर भाग लिया। आरती के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना उपस्थित रहे। वहीं बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार, व्यापारी नेता पवन सक्सेना, मेजर सुशील कुमार सक्सेना, राजेश सक्सेना, धीरेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आशुतोष सक्सेना, कार्यक्रम संयोजक इंजीनियर अजय सक्सेना सहित समस्त सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर संस्थापक महामंडलेश्वर डॉ. शिवानंद चित्रगुप्त जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त हुआ, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने श्रद्धालुओं के मन को भावविभोर कर दिया।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली