फतेहगंज पश्चिमी। थाना क्षेत्र के गांव लोहार नगला में एक महिला ने गांव के ही एक परिवार पर रास्ता रोककर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव लोहार नगला निवासी प्रेमशंकर की पत्नी मानू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपनी बेटी प्रियंका के साथ गांव में आयोजित एक शादी समारोह से दावत खाकर घर लौट रही थीं। आरोप है कि जैसे ही वे गांव में शिवलाल के दरवाजे के पास पहुंचीं, तभी आरोपी व उनके परिजनों ने एक राय होकर उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़िता का कहना है कि मारपीट के दौरान उन्हें और उनकी बेटी को जबरन घर के अंदर खींचने का भी प्रयास किया गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और ललकारा, तब जाकर आरोपी मौके से हटे। इस घटना में मां-बेटी दोनों को चोटें आई हैं।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली