राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलहरी पुलिस ने ग्राम करहिया कला में कच्ची शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को एक ओर जहां सख्ती के रूप में देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर यह सवाल भी उठने लगे हैं कि क्या कार्रवाई सिर्फ छोटे स्तर तक सीमित रह जाएगी?
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चिसीया एवं थाना प्रभारी कुठला राजेंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बिलहरी सुयश पाण्डेय की टीम ने यह कार्रवाई की।
विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम करहिया कला में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी, जहां से हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस ने चार आरोपियों के कब्जे से कुल 15 लीटर कच्ची शराब जब्त की—
रामदुलारी (29 वर्ष) से 3 लीटर
चंद्रकला नरगड़िया (55 वर्ष) से 4 लीटर
अंगुली सनोडिया से 5 लीटर
देववती नरगड़िया (65 वर्ष) से 3 लीटर
चारों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है। इसके अलावा मौके से भारी मात्रा में लहान भी बरामद कर नष्ट किया गया।
छोटों पर सख्ती, बड़ों पर खामोशी?
हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई से यह संदेश जरूर गया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई अक्सर छोटे स्तर पर ही सिमट जाती है। असली सप्लायर और बड़े शराब माफिया अब भी पुलिस की पकड़ से दूर बने हुए हैं।
ग्रामीणों का मानना है कि यदि प्रशासन वास्तव में अवैध शराब पर रोक लगाना चाहता है, तो उसे जड़ तक पहुंचकर बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करनी होगी, न कि केवल छोटे कारोबारियों पर।
अब नजर आगे की कार्रवाई पर
फिलहाल पुलिस ने अपनी कार्रवाई को प्रभावी बताया है, लेकिन अब देखना यह होगा कि क्या यह अभियान बड़े स्तर तक पहुंचेगा या फिर छोटी-मोटी कार्रवाई तक ही सीमित रह जाएगा।