डबरा सिटी पुलिस ने टमटम और ऑटो में यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाली शातिर महिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिलाएं सुनसान या भीड़भाड़ वाले रास्तों में यात्रियों के साथ सफर कर उनके बैग और सामान से चोरी की वारदात को अंजाम देती थीं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हो रही लगातार चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादिया राधा कोरी ने 24 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह परशुराम चौराहा से टैक्सी में बैठकर अपने मायके जा रही थी, जहां पहले से बैठी दो महिलाओं ने मौका पाकर उसके बैग से चांदी की करदौनी और 2 हजार रुपये नगदी चोरी कर ली।
मामले में थाना डबरा सिटी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पिछोर तिराहा मंदिर के पास से दो संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। तलाशी में उनके पास से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शांति देवी और पूनम आदिवासी शामिल हैं, जो मुरैना जिले की निवासी हैं।
पुलिस अब इनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
रोहित पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ डबरा