वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट।
इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।
वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र में गैर इरादतन हत्या और साक्ष्य मिटाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रामनरेश बिंद (36 वर्ष), निवासी ग्राम चौर, थाना कपसेठी को गिरफ्तार कर लिया है, जो कई दिनों से फरार चल रहा था।
ऐसे खुला पूरा मामला
वादी अभिषेक शुक्ला ने अपनी माता हेमा शुक्ला के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 13 अप्रैल को लच्छापुर के पास एक ऑटो पलटने की घटना हुई थी, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी।
बाद में थाना रामनगर क्षेत्र में मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान हेमा शुक्ला के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज की।
आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ में आरोपी रामनरेश बिंद ने बताया कि वह घटना के समय नशे में था और ऑटो नियंत्रित न कर पाने के कारण दुर्घटना हो गई। महिला के गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह घबरा गया और इलाज कराने के बजाय पुलिस कार्रवाई के डर से उसे कछवां होते हुए भटौली घाट पुल ले गया।
वहां उसने साक्ष्य मिटाने के इरादे से घायल महिला को गंगा नदी में फेंक दिया और फरार हो गया। अगले दिन उसने ऑटो उसके मालिक को वापस कर दिया और छिपता रहा।
पुलिस की कार्रवाई
थाना कपसेठी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर बाहरीनाला क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह मामला न केवल एक हादसे के बाद अपराध छिपाने की गंभीर मानसिकता को दर्शाता है, बल्कि पुलिस की सतर्कता से सच्चाई सामने आने का उदाहरण भी है।