राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च प्राथमिकता वाली शासकीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शाला जाने योग्य हर बच्चे का स्कूल में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए और इस दिशा में गंभीरता से कार्य किया जाए।
मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य में 6 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके लगभग 10.45 लाख बच्चों की पहचान ऐप के माध्यम से की गई है, जिन्हें अनिवार्य रूप से स्कूलों में प्रवेश दिलाया जाए। आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों के कोलोकेशन में जनसहभागिता सुनिश्चित करने तथा आंगनवाड़ी भवनों के लिए बस्ती के समीप भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कलेक्टर्स को संवेदनशीलता के साथ मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर माह कम से कम दो बार बैठक लेकर मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर को कम करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं। गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, कुपोषित बच्चों के उपचार, एनीमिक एवं हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष देखभाल पर भी फोकस करने को कहा गया।
उन्होंने अस्पतालों और दवा भंडारों के नियमित निरीक्षण के साथ-साथ विकासखंड स्तर तक स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के अमले को सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार लाया जा सके।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, लोक सेवा गारंटी योजना के तहत समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने, स्वामित्व योजना के लंबित मामलों को 15 दिनों में निपटाने और स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों को तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य सचिव ने गेहूं उपार्जन के लिए केंद्र द्वारा बढ़ाए गए कोटे के मद्देनज़र सभी खरीदी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। किसानों को 23 मई तक स्लॉट बुकिंग की सुविधा दी गई है। साथ ही पेयजल आपूर्ति, वृंदावन ग्राम योजना, संबल एवं मानधन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, निगमायुक्त तपस्या परिहार सहित अन्य अधिकारी वर्चुअली जुड़े रहे। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की भी उपस्थिति रही।