राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। इस विशेष अभियान के तहत आज 1 मई 2026 को जिलेभर में व्यापक वाहन चेकिंग की गई, जिसमें 236 से अधिक वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 89 हजार 500 रुपये से अधिक का समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी एवं डीएसपी शिवा पाठक की मौजूदगी में माधव नगर थाना प्रभारी संजय दुबे और यातायात टीम ने बिलहरी मोड़ पर सघन चेकिंग की।
कार्रवाई के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग, हेलमेट न पहनने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोका गया। कई वाहन चालकों ने जुर्माने से बचने के लिए बहाने भी बनाए, लेकिन पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित कराया।
चेकिंग के दौरान नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उनके परिजनों को मौके पर बुलाया और सख्त चेतावनी दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को वाहन देना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि उनके जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।
पुलिस के अनुसार अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट का उपयोग न करना एक बड़ी वजह बनता है। इसी को ध्यान में रखते हुए 26 अप्रैल से 10 मई तक विशेष हेलमेट चेकिंग और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।
कटनी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नाबालिगों को वाहन न दें और शराब का सेवन कर ड्राइविंग बिल्कुल न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ न केवल चालानी कार्रवाई बल्कि लाइसेंस निलंबन जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना है।