गण्डारा बहराइच से मुहम्मद आरिफ की रिपोर्ट
(स्टेट रिपोर्टर इंडियन टी वी न्यूज़ )
कैसरगंज बहराइच
थाना कैसरगंज के अंतर्गत ग्राम कुम्हारनपुरवा, विजयपुर में युवक की मौत के बाद गांव का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गांव में भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी जवानों की तैनाती कर दी है। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा पुलिस लगातार गश्त कर रही है।
25 अप्रैल को युवक ने लगाई थी आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुम्हारनपुरवा निवासी गणेश कुमार उर्फ अनिल चौहान ने बीते 25 अप्रैल को कथित रूप से प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद के चलते अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया था।
प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ किया गया था रेफर
गंभीर रूप से झुलसे युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। इसके बाद युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेजा गया।
पांच दिन बाद इलाज के दौरान हुई मौत
मेडिकल कॉलेज लखनऊ में करीब पांच दिनों तक युवक का इलाज चलता रहा। जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 30 अप्रैल की सुबह युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई।
गांव में अफरा-तफरी, पुलिस प्रशासन अलर्ट
मौत की सूचना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र होने लगे, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा बढ़ा दी। मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंचकर हालात का जायजा लेते रहे।
स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। पूरे मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है तथा प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।