राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी — नगर पालिक निगम कटनी में गुरुवार को एक भावुक और गरिमामयी माहौल देखने को मिला, जब निगम सेवा से सेवानिवृत्त हो रहे पांच कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। मेयर इन काउंसिल सभागार में आयोजित इस समारोह में महापौर, निगमायुक्त, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और परिजनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि प्रत्येक शासकीय सेवक का सेवाकाल निश्चित होता है, लेकिन अपने कार्यों के माध्यम से वे संस्था में अमिट छाप छोड़ जाते हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान को सराहते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की।
इस अवसर पर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित मेयर इन काउंसिल के सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, सुमन राजू माखीजा, तुलसा गुलाब बेन, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, संजीव जीवन चौधरी और रेखा तिवारी समेत अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री तेजभान सिंह, श्री विजय गर्ग, श्रीमती ऊषा कुंदन, श्रीमती शीला छेदीलाल और श्रीमती आशा मनोहर का पुष्पहार, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके दीर्घकालीन सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी।
इस मौके पर उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह, निगम सचिव पारसनाथ प्रजापति सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन भी उपस्थित रहे।
समारोह ने एक ओर जहां सेवाओं के सम्मान की परंपरा को सशक्त किया, वहीं दूसरी ओर निगम परिवार की एकजुटता और आत्मीयता को भी प्रदर्शित किया।