सहारनपुर। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित अत्याधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल में सहारनपुर पुलिस के तत्वावधान में डबल्स वर्ग बैडमिंटन टूर्नामेंट–2026 का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के निर्देशन में जनपद के विभिन्न विभागों के सरकारी कर्मचारियों के बीच आपसी भाईचारे और समन्वय को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया।
टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। तेज रफ्तार रैलियों, सटीक शॉट्स और दमदार स्मैश ने मुकाबलों को रोमांचक बना दिया। दर्शकों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, धैर्य और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। मुकाबले में शिक्षक संदीप कुमार और एयरफोर्स के गौतम की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता खिताब अपने नाम किया। वहीं, उपविजेता टीम में एयरफोर्स के विकास और शिक्षक दीपक रहे, जिन्होंने भी पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया।
समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक व क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय मनोज कुमार यादव ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने खिलाड़ियों के खेल भावना और अनुशासन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़