राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी — जिले में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत बिलहरी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिलेभर में वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में थाना कुठला अंतर्गत बिलहरी चौकी पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गनियारी निवासी अभिषेक उर्फ राहुल तिवारी अपराध क्रमांक 125/20, धारा 379 आईपीसी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। वहीं ग्राम कराहिया कला निवासी 29 वर्षीय राजू उर्फ राम बहादुर माझी प्रकरण क्रमांक 1290/2018, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत वांछित था।
दोनों आरोपियों को 2 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सुयश पाण्डेय, एएसआई राम सिंह सहित आरक्षक व्यास गुप्ता, सौरभ जैन, दिलकेश्वर सिंह और संदीप भलावी की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में फरार वारंटियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।