राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी — आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक मैदानी निरीक्षण कर वर्षाकालीन तैयारियों, जल निकासी व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं।
निगमायुक्त ने बिलहरी रोड, कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के सामने से गुजरने वाले प्रमुख नालों सहित बरगवां क्षेत्र के नालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नालों की साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने और जल प्रवाह को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा शुरू होने से पहले सभी नालों की सफाई युद्धस्तर पर पूरी कर ली जाए और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए।
पिछले वर्ष जलभराव से प्रभावित झिंझरी स्थित संतोषी माता मंदिर और बरगवां क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया। यहां स्थानीय लोगों से चर्चा कर समस्याओं की जानकारी ली गई। संतोषी माता मंदिर के पास जल निकासी के लिए निजी भूमि से पाइपलाइन निकालने के प्रस्ताव पर निगमायुक्त ने प्लॉट मालिक से बातचीत कर जल्द समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कटाए घाट पर नदी सफाई कार्य का भी जायजा लिया गया, जहां ट्रैश क्लीनर मशीन से हो रही सफाई पर संतोष जताते हुए अपशिष्ट के त्वरित उठाव के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही बरगी दायीं तट नहर परियोजना का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने पेयजल आपूर्ति योजना को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने घिनौची नाला क्षेत्र में संभावित जल रिसाव रोकने के लिए पक्कीकरण और पाइपलाइन बिछाने की कार्ययोजना तत्काल तैयार करने को कहा।
निगमायुक्त ने कहा कि शहरवासियों को नर्मदा जल के रूप में सुरक्षित और स्थायी पेयजल उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी अमला भी उपस्थित रहा।।