राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और नागरिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा दुबे कॉलोनी क्षेत्र में रविवार सुबह “राहगीरी डे” का भव्य और आकर्षक आयोजन किया गया। यह आयोजन ऊर्जा, उत्साह और सामाजिक जुड़ाव का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया, जिसमें हर आयु वर्ग के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत योग एवं फिटनेस सत्र के साथ हुई, जहां नागरिकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इसके पश्चात साइकिलिंग, स्केटिंग, म्यूजिकल चेयर, पेंटिंग, रंगोली, शतरंज, कैरम, रस्सीकूद, चम्मच-नींबू दौड़ और बोरा दौड़ जैसे विविध खेलों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम में महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, निगमायुक्त तपस्या परिहार सहित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा, बच्चे और वरिष्ठ नागरिकों ने सहभागिता कर आयोजन को जन-उत्सव का स्वरूप दे दिया।
कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए इको ब्रिक्स स्टॉल एवं एसएसजी समूह द्वारा तैयार कपड़े के थैलों की प्रदर्शनी ने पर्यावरण संरक्षण और रीसायकल के प्रति लोगों को प्रेरित किया। वहीं, जुंबा सत्र ने लोगों में नई ऊर्जा का संचार किया, जहां संगीत की धुन पर थिरकते हुए नागरिकों ने फिटनेस का आनंद लिया।
नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण संदेश भी दिए गए। गीतांजलि कला केंद्र के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दर्शकों का मन मोह लिया और आयोजन में विशेष आकर्षण जोड़ा।
इस अवसर पर महापौर ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ शहर का निर्माण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने सभी से अपील की कि कटनी को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करें।
रविवार की यह सुबह न केवल मनोरंजन का माध्यम बनी, बल्कि समाज को स्वच्छता, स्वास्थ्य और सहभागिता का महत्वपूर्ण संदेश भी दे गई।