देवरिया। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 15, सोंडा में इन दिनों एक रिहायशी इलाके में संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियों के संचालन की खबर से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बताया जा रहा है कि देवरिया कोचिंग के बगल में स्थित एक स्थान पर लंबे समय से आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का आना-जाना बढ़ गया है, जिससे महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने कई बार मौखिक रूप से इसका विरोध किया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
निवासियों ने बताया कि इस समस्या के चलते क्षेत्र में अशांति का माहौल बना रहता है और सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अब क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर जनप्रतिनिधि को लिखित शिकायत देने का निर्णय लिया है, ताकि इस मामले में प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा सके।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में सभासद से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका।
ब्यूरो चीफ देवरिया अखिलेश कुमार दुबे