बुग्गावाला क्षेत्र के ग्राम बंजारेवाला में रविवार सुबह एक युवक के टंकी पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार बंजारेवाला निवासी शाहनवाज (23) पुत्र स्वर्गीय जमील शादी के रिश्ते से इनकार होने के बाद मानसिक तनाव में आ गया। इसी के चलते वह गांव में स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया और अपनी शादी को लेकर जिद करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक बार-बार कह रहा था कि या तो उसका रिश्ता तय कराया जाए, वरना वह टंकी से कूदकर अपनी जान दे देगा। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चले समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने युवक को उसकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद वह टंकी से नीचे उतर आया।
थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। युवक तनाव में था और शादी के मुद्दे को लेकर आत्मघाती कदम उठाने की बात कर रहा था। पुलिस की समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया और उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर इस तरह के कदम न उठाएं, बल्कि परिवार और प्रशासन से मदद लें।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़