राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यवर्धक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। निगम प्रशासन की टीमों द्वारा वार्ड स्तर पर लगातार सफाई, निरीक्षण, जनजागरूकता और कचरा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
मुख्य मार्गों पर विशेष सफाई, नालियों पर फोकस
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी के अनुसार शहर के प्रमुख क्षेत्रों—स्टेशन रोड, सुभाष चौक, मिशन चौक, जगन्नाथ चौक, बस स्टैंड, घंटाघर मार्ग सहित विभिन्न वार्डों में नियमित सड़क सफाई कराई जा रही है। डिवाइडरों और सड़कों से धूल-मिट्टी हटाकर वायु गुणवत्ता सुधारने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। वहीं, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में मशीनों के माध्यम से नालों और नालियों की लगातार सफाई कराई जा रही है।
बाजारों में रात में कचरा कलेक्शन, सड़कों पर नहीं फैल रहा कचरा
निगम प्रशासन ने कमर्शियल क्षेत्रों में रात्रिकालीन कचरा संग्रहण व्यवस्था लागू की है। बाजारों में शाम और रात के समय कचरा संग्रहण वाहन पहुंचकर दुकानों से निकलने वाले कचरे को एकत्रित कर रहे हैं, जिससे सड़कों पर कचरा फैलने की समस्या में कमी आई है और सफाई व्यवस्था अधिक व्यवस्थित बनी है।
ट्विन बिन और सेग्रीगेशन पर जोर
निगम की टीमों और सहयोगी संस्थाओं द्वारा घर-घर संपर्क कर नागरिकों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ट्विन बिन के उपयोग और स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण (सेग्रीगेशन) को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे कचरा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
स्कूलों में ‘स्वच्छता की पाठशाला’, बच्चों को ईको-ब्रिक्स की जानकारी
स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से आचार्य विनोवा भावे वार्ड स्थित शासकीय स्कूल में “स्वच्छता की पाठशाला” का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी दी गई। साथ ही ईको ब्रिक्स बनाने और उनके उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।
फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव से मच्छरों पर नियंत्रण
निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 1, 4 और 26 में रात्रिकालीन फॉगिंग अभियान चलाया गया, जबकि वार्ड 33 में सुबह के समय कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर मच्छरों पर नियंत्रण के प्रयास किए गए।
घुमंतू मवेशियों पर कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना
शहर में आवागमन को सुगम बनाने के लिए हांका टीम द्वारा घुमंतू मवेशियों को पकड़कर अमीरगंज गौशाला भेजा जा रहा है। वहीं, गंदगी फैलाने और सफाई नियमों का उल्लंघन करने वालों पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई भी लगातार जारी है।
निगम की अपील—स्वच्छता में जनभागीदारी जरूरी
नगर निगम कटनी ने नागरिकों से अपील की है कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर का निर्माण संभव है।