राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। मध्यप्रदेश शासन के “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत नगर पालिक निगम द्वारा कटनी नदी की स्वच्छता और संरक्षण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को अब तेज गति दी जा रही है। इसी क्रम में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कटाएघाट पहुंचकर नदी सफाई कार्यों का स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने साफ तौर पर कहा कि नदी से निकाले जा रहे अपशिष्ट का त्वरित उठाव और वैज्ञानिक निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान प्रयागराज से मंगवाई गई अत्याधुनिक “ट्रैश क्लीनर मशीन” के जरिए नदी की सतह पर फैली जलकुंभी, प्लास्टिक और अन्य तैरते कचरे को हटाने का कार्य जारी है। मशीन की मदद से सफाई कार्यों में तेजी आई है और नदी को प्रदूषण मुक्त करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।
निगमायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि निकाले गए कचरे को नदी किनारे लंबे समय तक न रखा जाए, बल्कि उसका तुरंत परिवहन कर उचित तरीके से निष्पादन किया जाए, ताकि स्वच्छता अभियान के परिणाम स्पष्ट रूप से दिखाई दें।
नगर निगम द्वारा कटाएघाट से शुरू किया गया यह अभियान चरणबद्ध तरीके से गाटरघाट तक चलाया जाएगा। अभियान के तहत नदी में जमी गाद, जलकुंभी और ठोस अपशिष्ट को हटाकर जलधारण क्षमता बढ़ाने और पर्यावरणीय संतुलन मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।