जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव ने अवगत कराया है कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद में दिनांक 30 मार्च 2026 से गेहूं क्रय कार्य प्रारंभ है। शासन द्वारा इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2585 प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, जिसमें ₹20 प्रति कुंतल उतराई/छनाई मद सम्मिलित है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष किसानों की सुविधा हेतु किसान पहचान पत्र/फार्मर आईडी की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। अब किसान पंजीकरण में सत्यापित भूमि रकबे के आधार पर बिना फार्मर आईडी के भी किसी भी राजकीय क्रय केंद्र पर अपना गेहूं विक्रय कर सकते हैं।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा गेहूं खरीद की नियमित समीक्षा की जा रही है। उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, जिला कृषि अधिकारी एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी द्वारा सभी क्रय केंद्रों का सतत निरीक्षण किया जा रहा है। केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिचौलियों की संलिप्तता पूर्णतः प्रतिबंधित रहे तथा किसानों को स्वच्छ पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई उपलब्ध कराई जाए। प्रत्येक केंद्र पर बैनर प्रदर्शित है, जिसमें टोल-फ्री नंबर व संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर अंकित हैं।
जनपद में गेहूं क्रय हेतु कुल 41 क्रय केंद्र संचालित हैं—खाद्य विभाग के 15, पीसीएफ के 23 तथा भारतीय खाद्य निगम के 03। विकास खंडवार केंद्रों की संख्या इस प्रकार है: कन्नौज-03, जलालाबाद-01, गुगरापुर-01, उमर्दा-12, हसेरन-05, सौरिख-07, छिबरामऊ-07 एवं तालग्राम-05। सभी केंद्र प्रातः 9:00 बजे से सायं 8:00 बजे तक खुले रहेंगे तथा बोरे पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।
किसान भाई खाद्य विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in पर जनसेवा केंद्र, साइबर कैफे अथवा क्रय केंद्र के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। ई-पॉप के माध्यम से किसान या उनके नामित प्रतिनिधि का बायोमेट्रिक सत्यापन उपरांत खरीद की जाएगी।
07 मई 2026 तक भूमि सत्यापन लंबित होने पर भी प्रमाणित खतौनी, खसरा, चकबंदी प्रपत्र एवं आधार की प्रति के आधार पर खरीद की जाएगी। 08 मई 2026 से राजस्व/चकबंदी विभाग द्वारा सत्यापित विवरण के आधार पर ही खरीद होगी।
गेहूं विक्रय का भुगतान आधार-लिंक बैंक खाते में PFMS के माध्यम से 48 घंटे के भीतर कर दिया जाएगा। दिनांक 04 मई 2026 तक 449 किसानों से 2168.55 मीट्रिक टन गेहूं क्रय किया जा चुका है, जिनमें से 408 किसानों को ₹511.32 लाख का भुगतान किया जा चुका है।
किसानों से अनुरोध है कि वे अपनी उपज को अच्छी तरह सुखाकर एवं साफ कर ही क्रय केंद्र पर लाएँ। किसी भी समस्या पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी के मोबाइल नंबर 9956199399 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रसारित