राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।शहर के मदन मोहन चौबे वार्ड अंतर्गत बंधवाटोला क्षेत्र में नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां लगभग एक सप्ताह पूर्व नाले की सफाई तो कर दी गई, लेकिन निकाले गए कचरे को आज तक नहीं उठाया गया। नतीजतन, सड़कों किनारे पड़ा यह कचरा अब स्थानीय लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, नाले से निकला कचरा लगातार सड़ रहा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है। स्थिति तब और बिगड़ जाती है जब आवारा जानवर इस कचरे को इधर-उधर फैला देते हैं, जिससे गंदगी पूरे इलाके में फैल रही है। आने-जाने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन न तो सफाई कर्मचारियों ने कोई गंभीरता दिखाई और न ही जिम्मेदार अधिकारियों ने स्थिति सुधारने की कोशिश की। लगातार बढ़ती गंदगी के चलते अब क्षेत्र में बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है।
शहर में स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे करने वाले नगर निगम की यह लापरवाही साफ तौर पर जमीनी हकीकत को उजागर करती है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी कब तक इस समस्या पर संज्ञान लेते हैं और क्षेत्रवासियों को इस परेशानी से राहत दिलाते हैं।