बरेली तहसील फरीदपुर में किसान पंजीकरण यानी फार्मर रजिस्ट्री अभियान को तेज करने के लिए नगर पालिका परिषद फरीदपुर में बुधवार को विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर का नेतृत्व तहसीलदार प्रशांत अवस्थी और अधिशासी अधिकारी पुनीत कुमार ने किया।
अधिकारियों ने दो टूक कहा कि पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण पहली प्राथमिकता है। फार्मर आईडी बनते ही किसानों को पीएम-किसान, फसल बीमा, खाद-बीज सब्सिडी समेत सभी सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और पैसा सीधे खाते में आएगा।
शिविर में पूरी टीम को सक्रिय किया गया। मौके पर ही दस्तावेज जांचकर फार्मर आईडी बनाई गई। प्रक्रिया को इतना सरल रखा गया कि किसानों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
असर भी तुरंत दिखा। जानकारी के अभाव में अब तक पंजीकरण से वंचित किसान बड़ी संख्या में शिविर पहुंचे। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र के किसानों में खासा उत्साह है।
अधिशासी अधिकारी पुनीत कुमार ने बताया कि जरूरत पड़ी तो गांव-गांव जाकर भी शिविर लगाए जाएंगे। मकसद साफ है, फरीदपुर का एक भी पात्र किसान योजना के लाभ से छूटना नहीं चाहिए।
रिपोर्टर-: प्रमोद शर्मा जिला-: ब्यूरो बरेली