बरेली परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में सुरंग खोदकर 20 लाख का तांबा चोरी करने वाले गैंग का अंत आखिरकार पुलिस की गोलियों पर हुआ। बुधवार तड़के सीबीगंज पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर घायल हो गए, जबकि गैंग का सरगना भी दबोच लिया गया।
सुरंग से शुरू हुई सनसनीखेज वारदात
28 अप्रैल की रात। सिविल लाइंस की रहने वाली शिवानी जैन की फर्म पद्मावती एसोसिएट में सन्नाटा था। बाहर से सब सामान्य, लेकिन फैक्ट्री के फर्श के नीचे मौत की तरह खामोश सुरंग खोदी जा चुकी थी। सुबह पता चला कि करीब 2 टन कॉपर स्क्रैप, कीमत लगभग 20 लाख रुपये, गायब है। न कोई ताला टूटा, न दीवार फांदी गई। चोर जमीन के रास्ते आए थे।
थाना सीबीगंज में मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस के लिए ये मामला नाक का सवाल बन गया। औद्योगिक क्षेत्र में सुरंग बनाकर चोरी, यानी गैंग प्रोफेशनल था।
झुमका तिराहे पर बिछा जाल
बुधवार को मुखबिर ने खबर दी कि गैंग का माल ई-रिक्शा से निकाला जा रहा है। झुमका तिराहे के पास पुलिस ने घेराबंदी की। सामने से आता ई-रिक्शा दिखते ही पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
लेकिन बदमाशों को भनक लग चुकी थी। रिक्शा भगाने के चक्कर में पलट गया। खुद को घिरा देख गैंग ने तमंचे निकाल लिए और पुलिस पर फायर झोंक दिया।
जवाब में सीबीगंज पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। कुछ मिनट की फायरिंग के बाद दो बदमाश, 24 साल का निजाम और 22 साल का अब्दुल समी, पैर में गोली लगने से गिर पड़े। तीसरा साथी 55 साल का मोहम्मद खालिद मौके से भाग नहीं सका।
बरामद हुआ सामान
पुलिस ने तीनों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, नकदी और करीब 65 किलो तांबे का तार बरामद किया। बाकी माल की तलाश जारी है।
फिलहाल
घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों पर लूट, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज हुआ है। पुलिस अब गैंग के बाकी नेटवर्क और सुरंग खोदने में मदद करने वालों की तलाश कर रही है।
सीबीगंज पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके के फैक्ट्री मालिकों ने राहत की सांस ली है। स्थिति अब सामान्य है।
रिपोर्टर-: प्रमोद शर्मा जिला-: ब्यूरो बरेली