लोकेशन : सिंघिया, समस्तीपुर
बिहार के समस्तीपुर जिले के सिंघिया प्रखंड क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्वीकृति को लेकर गुरुवार को स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। जानकारी के अनुसार सिंघिया प्रखंड अंतर्गत कुंडल-2 पंचायत के बसुआ गांव में डिग्री कॉलेज को मान्यता मिलने के बाद प्रखंड मुख्यालय के बुद्धिजीवी, युवा एवं ग्रामीणों ने इसका विरोध जताया है।
रेवती रमण सिंह, बैजू मंडल, विकास कुमार, प्रकाश कुमार समेत कई लोगों का कहना है कि डिग्री कॉलेज यदि सिंघिया प्रखंड मुख्यालय में स्थापित किया जाता तो आसपास के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में अधिक सुविधा होती। लोगों ने बताया कि प्रखंड मुख्यालय में कॉलेज रहने से आवागमन, सुरक्षा एवं शैक्षणिक वातावरण बेहतर रहता तथा गरीब एवं दूरदराज के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए भटकना नहीं पड़ता।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से मांग करते हुए कहा है कि सिंघिया प्रखंड मुख्यालय में ही डिग्री कॉलेज की स्वीकृति दी जाए। इस संबंध में जिला पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं शिक्षा विभाग के सचिव को आवेदन देकर पुनर्विचार की मांग की गई है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन किया जाएगा।
समस्तीपुर से कृष्ण कुमार संजय का रिपोर्ट