राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रंगनाथनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब 3 किलो गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अवैध नशे के कारोबार पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 07 मई 2026 को गश्त के दौरान ओएफके स्टेडियम के सामने मुख्य मार्ग पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में पिट्ठू बैग लेकर जाता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रोहित कोल (20) निवासी ग्राम पतरोई, थाना सिहोरा जिला जबलपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 2 किलो 918 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 202/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरूणपाल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक सतीष जाटव, प्रधान आरक्षक पवन पाठक, प्रधान आरक्षक असंत सिंह एवं आरक्षक वीरेन्द्र दहायत की सराहनीय भूमिका रही।