राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शादी समारोह के दौरान दुल्हन के जेवरात चोरी करने वाले आरोपी को कुठला पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद किए हैं, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में टीम ने 07 मई 2026 को मुख्य आरोपी राजकुमार उर्फ तिज्जू कोरी (33) निवासी कछगवां, थाना माधवनगर को गिरफ्तार किया।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि फरियादी हरीश त्रिपाठी निवासी पहरुआ मंडी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 03-04 मई की रात उसकी बहन की शादी विद्या मैरिज गार्डन, पन्ना मोड़ में आयोजित थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने कमरे में रखी बंद पेटी का कुंदा तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण (हार, झुमकी, बिछिया, अंगूठी आदि) चोरी कर लिए, जिनकी कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये है।
घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक आरोपी गमछा डालकर कमरे में घुसते और सामान ले जाते नजर आया, जबकि दूसरा बाहर निगरानी कर रहा था। पुलिस ने तकनीकी एवं मुखबिर की सहायता से मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने भतीजे शाहिल के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झुमकी, बिछिया और अंगूठियां बरामद कर ली हैं, जबकि चोरी किया गया सोने का हार आरोपी द्वारा आईआईएफएल बैंक कटनी में गिरवी रखा गया है, जिसे वापस लेने की प्रक्रिया जारी है। फरार आरोपी शाहिल की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है, साथ ही उससे अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है। आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट, आर्म्स एक्ट, जुआ और सट्टा के कुल 6 मामले दर्ज हैं।
इनकी रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विनोद सिंह, सहायक उपनिरीक्षक श्यामनारायण सिंह, रवि शुक्ला, प्रधान आरक्षक अजय यादव, रामेश्वर सिंह, अजीत मिश्रा, सविता तिवारी एवं आरक्षक अभय यादव की सराहनीय भूमिका रही।