बरेली।जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना अभियान को युद्धस्तर पर गति देने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अविनाश सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्व-गणना राष्ट्रीय प्राथमिकता का विषय है। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। उत्तर प्रदेश में स्व-गणना चरण 07 मई 2026 से प्रारंभ हो चुका है। जनपद में अभियान की गति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, अतः विभागवार उत्तरदायित्व निर्धारित कर तत्काल कार्ययोजना लागू की जाए।
कड़े निर्देश: बड़े विभागों को लक्ष्य:
जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, नगर आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कमांडेंट सिविल डिफेंस, उपायुक्त एनआरएलएम तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी अपने अधीनस्थ समस्त कार्मिकों की स्व-गणना सुनिश्चित कराएं। प्रत्येक विभाग लक्ष्य निर्धारित कर दैनिक प्रगति से अवगत कराएगा।
शिक्षा विभाग की भूमिका:
विद्यालयों में अध्यापकों के माध्यम से छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को स्व-गणना हेतु प्रेरित किया जाए। बीएसए एवं डीआईओएस व्यक्तिगत रूप से मॉनिटरिंग करेंगे।
नगरीय क्षेत्र:
नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तत्काल सभासदों एवं अध्यक्षों के साथ बैठक कर वार्डवार अभियान संचालित करें। प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन सायं तक प्रस्तुत की जाए।
ग्रामीण क्षेत्र:
समस्त खंड विकास अधिकारी ब्लॉक प्रमुखों एवं ग्राम प्रधानों के साथ बैठक कर प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्व-गणना शिविर लगवाएं। उप जिलाधिकारी लेखपालों एवं अमीनों को लक्ष्य आवंटित कर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
प्रशिक्षण एवं समीक्षा:
सभी विभागीय अधिकारी अपने कार्मिकों की बैठक कर तत्काल प्रशिक्षण दें एवं प्रत्येक सायंकाल प्रगति आख्या जिला जनगणना प्रकोष्ठ को उपलब्ध कराएं। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति न देने वाले अधिकारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी बहेड़ी इशिता किशोर, अपर नगर आयुक्त सहित समस्त उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमोद शर्मा ब्यूरो बरेली