राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। मध्यप्रदेश शासन के “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत कटनी नदी को स्वच्छ और संरक्षित बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। कटाए घाट पर अत्याधुनिक ट्रैश क्लीनर मशीन के माध्यम से नदी की सफाई का कार्य तेज़ी से जारी है।
गुरुवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने मौके पर पहुंचकर चल रहे सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मशीन की कार्यप्रणाली को देखा और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। महापौर ने इसे नदी संरक्षण और जल संवर्धन की दिशा में एक बड़ा और प्रभावी कदम बताया।
महापौर सूरी ने कहा कि कटनी नदी न केवल शहर की जीवनरेखा है, बल्कि यह हमारी सांस्कृतिक और पर्यावरणीय धरोहर भी है। पहली बार आधुनिक तकनीक के जरिए नदी में फैली जलकुंभी, चोई और अन्य कचरे को हटाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे जल प्रवाह बेहतर होगा और नदी की स्वच्छता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
नगर निगम द्वारा शुरू किया गया यह सफाई अभियान कटाए घाट से गाटर घाट तक चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। ट्रैश क्लीनर मशीन की मदद से नदी की सतह पर तैर रहे कचरे और गाद को हटाकर जल धारण क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।
महापौर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “जल गंगा संवर्धन अभियान” को सफल बनाने के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे नदी और अन्य जल स्रोतों में कचरा या पूजन सामग्री न डालें, ताकि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का यह प्रयास निरंतर सफल हो सके।
निरीक्षण के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।