राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। व्यापार में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को एनकेजे पुलिस ने जिला पन्ना से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने खुद को रेलवे ठेकेदार बताकर झांसा दिया और सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में बढ़ते वित्तीय अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना एनकेजे प्रभारी उपनिरीक्षक रूपेन्द्र राजपूत की टीम ने इस मामले का खुलासा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 5 मई 2026 को दुर्गा चौक निवासी 59 वर्षीय देवकीनंदन परौहा ने थाना एनकेजे में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पन्ना जिले के निवासी तुलसी साहू उर्फ बोका साहू ने स्वयं को रेलवे का ठेकेदार बताकर ग्राम सकारिया में ठेका मिलने का झांसा दिया और निवेश के नाम पर 36 लाख 30 हजार रुपये ठग लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर थाना शाहनगर, जिला पन्ना के पास घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 36 लाख 30 हजार रुपये नकद एवं घटना में प्रयुक्त एक काले रंग की Toyota Fortuner कार बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुलसी साहू उर्फ बोका, निवासी हरदुआ खम्हरिया, जिला पन्ना के रूप में हुई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रूपेन्द्र राजपूत, उपनिरीक्षक नरेश झारिया, सहायक उपनिरीक्षक मनोज कोडापे सहित पुलिस टीम एवं साइबर सेल के अधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का संदेश:
निवेश के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आने से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन अवश्य करें, ताकि इस प्रकार की ठगी से बचा जा सके।