सिद्धार्थनगर। जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश के अनुपालन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी यातायात सुजीत राय की अध्यक्षता में प्रभारी यातायात अजय कुमार सिंह यादव एवं उनकी टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत पुलिस लाइन सभागार कक्ष में जनपद की गठित सीसी टीम को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के डीजी परिपत्र संख्या 42/2025 में दिए गए दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सड़क सुरक्षा, दुर्घटना नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षित किया।
इसके बाद डुमरियागंज थाना क्षेत्र के बैदौला चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने पीए सिस्टम के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और लोगों से हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की।
चेकिंग के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दो वाहनों तथा शराब पीकर वाहन चला रहे एक चालक के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े बड़े वाहनों को हटवाते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया, क्योंकि इनके कारण दुर्घटना और जाम की आशंका बनी रहती थी।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 97 वाहनों का चालान करते हुए 1 लाख 18 हजार 500 रुपये शमन शुल्क की कार्रवाई की।
क्षेत्राधिकारी यातायात ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे तथा लोगों को हर हाल में यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर