शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर ITN NATIONAL
सिद्धार्थनगर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित करने के उद्देश्य से संचालित ZFD योजना एवं सड़क सुरक्षा अभियान के तहत यातायात पुलिस ने जनपद के चिन्हित दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर चेतावनी साइन बोर्ड स्थापित कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 43 वाहनों का चालान करते हुए ₹56,500 का जुर्माना भी वसूला गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात राजकुमार सिंह के निर्देशन में प्रभारी यातायात अजय कुमार सिंह यादव के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना सिद्धार्थनगर क्षेत्र के जमुआर नाला और झंडेनगर सहित थाना जोगिया उदयपुर क्षेत्र के जोगिया कस्बा, ककरही पुल और तनेजवा बंधा के समीप कुल छह चेतावनी साइन बोर्ड लगाए गए। इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर सड़क सुरक्षा संदेश और दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र संबंधी स्लोगन वाले बोर्ड भी लगाए गए, ताकि वाहन चालक सतर्क होकर सुरक्षित यात्रा कर सकें।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों को गुड सेमेरिटन (Good Samaritan) योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करने वाले सज्जन नागरिक को भारत सरकार की ओर से ₹25,000 तक की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है।
यातायात पुलिस ने लोगों को अवयस्कों द्वारा वाहन चलाने, तेज रफ्तार, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, स्टंटबाजी, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट तथा नशे की हालत में वाहन चलाने के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया। साथ ही सड़क सुरक्षा संबंधी पम्पलेट वितरित कर सभी नागरिकों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई। पुलिस का कहना है कि सुरक्षित और दुर्घटना-मुक्त जनपद के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।