बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के बिहारीपुर गांव में मंगलवार रात सनसनीखेज वारदात हो गई। ससुराल आए 50 वर्षीय रामरतन की सोते समय कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, हमलावर रामरतन के साले रघुवीर पाल को निशाना बनाने आए थे, लेकिन बैठक में तख्त पर सो रहे रामरतन पर हमला कर दिया। घटना के वक्त रघुवीर खेत पर गए हुए थे।रामरतन बदायूं के पीरबट्ट गांव के रहने वाले थे। मंगलवार को वह अपने बहनोई रघुवीर पाल के घर कनागत कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। रात में रघुवीर अपने खेत पर चले गए। उनकी गैरमौजूदगी में रामरतन बैठक में रखे तख्त पर सो गए। रघुवीर पाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के हरपाल, मुकुट, नन्हे और लाखन शराब पीकर गाली-गलौज कर रहे थे। रघुवीर ने उन्हें ऐसा करने से रोका था। बताया गया है कि चारों आरोपी सगे भाई हैं।आरोप है कि मंगलवार रात करीब दस बजे चारों आरोपी एक अज्ञात व्यक्ति के साथ रघुवीर के घर पहुंचे। बैठक में तख्त पर सो रहे रामरतन पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने से रामरतन चीखने लगे। आवाज सुनकर रघुवीर की पत्नी आरती पाल और चचेरे भाई भोगेंद्र पाल बाहर आए। परिजनों को आता देख हमलावर रामरतन को मृत समझकर वहां से भाग निकले। गंभीर हालत में रामरतन को अस्पताल ले जाया गया,जहा रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रघुवीर पाल की तहरीर पर चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मुकुट और हरपाल को हिरासत में ले लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट:शुऐब खान ब्यूरो चीफ बरेली डिवीज़न